एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक स्वर्गीय एस.के. सिंह को प्रतिष्ठित लाइफटाइम अवॉर्ड

इंडिया इन्वेस्टर्स फेडरेशन के वार्षिक लीडरशिप समिट-2026 में मिला सम्मान, सुपुत्र शरद सिंह ने ग्रहण किया पुरस्कार

धारा लक्ष्य समाचार

लखनऊ। एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक एवं प्रेरणास्रोत स्वर्गीय एस.के. सिंह को उनके दूरदर्शी नेतृत्व, शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं संस्थान के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित लाइफटाइम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इंडिया इन्वेस्टर्स फेडरेशन द्वारा आयोजित वार्षिक लीडरशिप समिट-2026 में प्रदान किया गया।

लखनऊ स्थित होटल ताज में आयोजित गरिमामय समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ एवं संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जसवंत सिंह सैनी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में यह सम्मान प्रदान किया गया।

स्वर्गीय एस.के. सिंह की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके सुपुत्र एवं एसएमएस लखनऊ के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद सिंह ने ग्रहण किया।

पिता की स्मृतियों को किया नमन

सम्मान ग्रहण करने के अवसर पर शरद सिंह ने अपने पिता स्वर्गीय एस.के. सिंह को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके पिता की दूरदर्शिता, उच्च मानदंड और संस्थान के प्रति निर्धारित उद्देश्य आज भी एसएमएस के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत हैं। उनकी प्रेरणा ने संस्थान की नींव को मजबूत आधार प्रदान किया और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों एवं आदर्शों को आगे बढ़ाना पूरे एसएमएस परिवार की निरंतर प्रतिबद्धता है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में स्वर्गीय एस.के. सिंह के योगदान, उनके दूरदर्शी नेतृत्व और वर्षों की समर्पित सेवाओं की मान्यता है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए इंडिया इन्वेस्टर्स फेडरेशन तथा सम्मानित जूरी के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

एसएमएस परिवार के लिए गौरव का क्षण

शरद सिंह ने कहा कि स्वर्गीय एस.के. सिंह द्वारा स्थापित आदर्शों और मूल्यों के अनुरूप एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस निरंतर शिक्षा, नेतृत्व और उत्कृष्टता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लाइफटाइम अवॉर्ड मिलना पूरे एसएमएस परिवार के लिए गौरव, सम्मान और प्रेरणा का विषय है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थापक स्वर्गीय एस.के. सिंह की विचारधारा एवं दूरदृष्टि आने वाली पीढ़ियों को भी शिक्षा और समाज के प्रति जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देती रहेगी।

Related posts