ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, सिर पर गुम्मा मारकर किया लहूलुहान।

रास्ता रोककर दबंगों ने की मारपीट, जान से मारने की धमकी देकर फरार।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के जेतुआ टप्पे विझवन ग्राम पंचायत के प्रधान तेज बहादुर पर शुक्रवार रात कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार जेतुआ टप्पे विझवन निवासी ग्राम प्रधान तेज बहादुर शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे अपनी बाइक से किसी निजी कार्य से जा रहे थे।

आरोप है कि जैसे ही वह गडरियन का पुरवा के पास पहुंचे, वहां पहले से बाइक खड़ी कर घात लगाए बैठे मुकेश यादव निवासी पूरे ठकुराइन का पुरवा तथा उसके दो अज्ञात साथियों ने उन्हें रोक लिया।

पीड़ित के अनुसार तीनों लोगों ने उन्हें घेरकर गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान मुकेश यादव ने गुम्मा उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा।ग्राम प्रधान के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल ग्राम प्रधान ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts