ज़हरीले जीव के डंक से मासूम की मौत, खेलते-खेलते बुझ गई नित्या की जिंदगी।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

चंदापुर। थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे गजनी (मजरा चंदापुर) में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय मासूम बच्ची की किसी विषैले जीव के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार, पूरे गजनी निवासी राजकुमार की पुत्री नित्या (4) शुक्रवार दोपहर अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान उसे किसी विषैले जीव ने काट लिया।

कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं।

सीएचसी के चिकित्सक डॉ. पीयूष सिंह ने बताया कि बच्ची को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी।अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई।थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की सहमति से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मासूम नित्या की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Related posts