जलभराव प्रभावित परिवारों तक पहुंची प्रशासन की राहत। महाराजगंज व सदर तहसील में 161 राहत किट वितरित

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। जिले में लगातार जलभराव की स्थिति से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहदेव मिश्र के मार्गदर्शन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।

इसी क्रम में महाराजगंज तहसील के ग्राम मून एवं कोटवा मदनिया तथा सदर तहसील के ग्राम लोधीपुर, खुर्राट और दीवान का पुरवा में जलभराव से प्रभावित परिवारों को कुल 161 राहत किट वितरित की गईं। राहत सामग्री में आवश्यक खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं, जिससे प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार तथा राजस्व विभाग की टीमें गांवों का नियमित भ्रमण कर हालात का जायजा ले रही हैं और जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाना सुनिश्चित कर रही हैं।

सदर तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी गौतम सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ अंकित पाण्डेय एवं राजस्व विभाग की टीम राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। अधिकारी प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ले रहे हैं तथा आवश्यकतानुसार तत्काल सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रहेंगे और किसी भी जरूरतमंद परिवार को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

Related posts