रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जगतपुर (रायबरेली)। गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चिचौली गांव के पास मोबिल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर का टैंक फट गया, जिससे हजारों लीटर मोबिल सड़क किनारे नाले और आसपास के क्षेत्र में फैल गया। दुर्घटना के समय चालक और परिचालक वाहन के अंदर फंस गए, जिन्होंने शीशा तोड़कर बाहर निकल अपनी जान बचाई।
चालक ने बताया कि वह सामान्य गति से अपने मार्ग पर जा रहा था। तभी सामने एक कार अचानक मुड़ गई। उसे बचाने के प्रयास में टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा मोबिल तेजी से बहने लगा।
दुर्घटना के बाद चालक और परिचालक काफी देर तक केबिन में फंसे रहे। काफी प्रयास के बाद दोनों बाहर निकल सके। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।चालक ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद कुछ लोग नाले में बह रहे मोबिल को अपने डिब्बों और कंटेनरों में भरकर ले गए,
जबकि किसी ने उनकी मदद करने की जरूरत नहीं समझी। उसने बताया कि उसका मोबाइल फोन भी हादसे के दौरान बह गए मोबिल में गिर गया, जो अब तक नहीं मिल सका है। वाहन में रखी कुछ नकदी के भी गायब होने की आशंका जताई गई है।सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि चालक द्वारा कार के अचानक सामने आने की बात कही गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
