स्थापना दिवस पर एमएलसी की बड़ी घोषणा—युवाओं को सुरक्षित रोजगार दिलाने का प्रयास, पत्रकारों की टोल छूट समेत समस्याएं सरकार के सामने रखने का भरोसा
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर/लखनऊ। लखनऊ के सहकारिता भवन में पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति ऑल इंडिया का प्रथम स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और पत्रकारों को सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाने की उम्मीद है।
पवन सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकार सीमित संसाधनों और कम आय के बावजूद समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। पत्रकारों को टोल में छूट नहीं मिलने की समस्या पर भी उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के नियमों के कारण राज्य सरकार सीधे बदलाव नहीं कर सकती, लेकिन इस समस्या को सरकार के सामने उठाया जाएगा।
युवाओं को सुरक्षित रोजगार का भरोसा:मुख्य अतिथि ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा सहित किसी भी राज्य के पढ़े-लिखे, स्किल्ड अथवा नॉन-स्किल्ड युवक-युवतियों को सुरक्षित रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से ऐसे युवाओं को जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से समाज में सकारात्मक भूमिका निभाते रहने की अपील की।
कार्यक्रम संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुआ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी प्रताप तिवारी ने संगठन के गठन एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकारों के हित, सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठन देशभर में लगातार विस्तार कर रहा है।
दो पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी:समारोह में पवन सिंह चौहान ने राष्ट्रीय महासचिव अरविंद दुबे को पदोन्नति देकर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा श्रीमती नीलम वर्मा को महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया। उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राशिद खान चांद ने संगठन के विस्तार की जानकारी देते हुए पत्रकारों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा सहित कई राज्यों से पत्रकार एवं पदाधिकारी पहुंचे। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी प्रताप तिवारी, लखनऊ मंडल अध्यक्ष जावेद खान, असद जुनैद, दानिश कुरैशी, शाहनवाज बाग, आसिफ खान सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन राष्ट्रीय सचिव सर्वेश कुमारी ने किया। समारोह का समापन पत्रकारों के हित, सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
