केशव पर बरसे स्वामी, बोले- जो सीट न बचा सके, सरकार क्या बनाएंगे।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। एक दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा नेता एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो नेता अपनी विधानसभा सीट नहीं बचा पाए, वह प्रदेश में सरकार बनाने का दावा कैसे कर सकते हैं।मीडिया से बातचीत के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब पारंपरिक राजनीतिक दलों से निराश हो चुकी है और आने वाले समय में तीसरा मोर्चा ही प्रदेश की सत्ता का विकल्प बनकर उभरेगा।

उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा निर्णायक भूमिका निभाएगा और सरकार बनाने में सफल होगा।

इस दौरान उन्होंने बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती द्वारा आकाश आनंद को फिर से संगठन में पीछे किए जाने के मुद्दे पर भी टिप्पणी की। मौर्य ने कहा कि बसपा में नेतृत्व को लेकर लगातार असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जिससे कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि पार्टी का नेतृत्व और राजनीतिक रुख कई बार बदल चुका है। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है।

स्वामी प्रसाद मौर्य के इन बयानों से प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उनके तीसरे मोर्चे को लेकर किए गए दावे और प्रमुख दलों पर किए गए हमलों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Related posts