मिशन शक्ति बहू-बेटी सम्मेलन में गूंजा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश

जमुरावां में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव, हेल्पलाइन नंबरों तथा कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत रविवार को थाना महराजगंज की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम जमुरावां में ‘मिशन शक्ति बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने सहभागिता की तथा महिला सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

चौपाल के दौरान मिशन शक्ति केंद्र की भूमिका और उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं को साइबर बुलिंग, फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन ठगी सहित विभिन्न साइबर अपराधों से सतर्क रहने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल शिकायत करने के लिए जागरूक किया गया। टीम ने विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112, 1076, 102, 108, 1098, 1930 एवं 101 की उपयोगिता समझाते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

महिलाओं को विशेष रूप से 1090 महिला हेल्पलाइन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इस जानकारी से महिलाओं में अपनी समस्याओं को बिना किसी संकोच के सामने रखने और कानून की मदद लेने का भरोसा मजबूत हुआ।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं मातृशक्ति वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में थाना महराजगंज की मिशन शक्ति टीम से उ0नि0 लालजी यादव, मु0आ0 शत्रु जीत राय, आ0 अरुण कुमार, म0हे0आ0 गीता सिंह, म0आ0 प्रीती राणा एवं म0रि0आ0 राधा कुमारी ने सहभागिता करते हुए महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति सजग किया। संभ्रांत नागरिकों की मौजूदगी में आयोजित इस चौपाल का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना रहा।

Related posts