गुमशुदा महिलाओं-बालिकाओं की बरामदगी को चलेगा विशेष अभियान

आईजी ने एक सप्ताह में बरामदगी के दिए निर्देश, सीतापुर में रेंज के पहले डिजिटल मालखाने का भी शुभारंभ

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र लखनऊ किरण एस. ने रविवार को सीतापुर का वार्षिक/समीक्षा भ्रमण किया। पुलिस लाइन स्थित महर्षि दधीचि सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शासन और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आईजी ने लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण करने के साथ गंभीर एवं अनसुलझे मामलों में प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए। गुमशुदा बालिकाओं और महिलाओं की त्वरित बरामदगी के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने को कहा गया। वहीं गैंगस्टर एक्ट के तहत अवैध संपत्तियों की जब्ती, भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई और फर्जी सिम कार्ड नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

इसके बाद थाना कोतवाली देहात में लखनऊ रेंज के प्रथम डिजिटल मालखाना (ई-मालखाना) का शुभारंभ किया गया। क्यूआर कोड आधारित इस व्यवस्था में मुकदमों से संबंधित जब्त माल पर क्यूआर कोड अंकित रहेगा।

इसे स्कैन करने पर संबंधित माल, केस नंबर और उसकी वर्तमान स्थिति का विवरण डिजिटल रूप से उपलब्ध होगा। आईजी ने इसे मालखाने के बेहतर रखरखाव और न्यायालय में साक्ष्य प्रस्तुत करने की दिशा में उपयोगी पहल बताया।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना कोतवाली देहात, साइबर थाना, मिशन शक्ति केंद्र और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट का भी जायजा लिया। साइबर अपराधों में हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण, महिलाओं-बालिकाओं से जुड़ी शिकायतों की गुणवत्ता तथा गुमशुदा बच्चों और महिलाओं की बरामदगी पर विशेष जोर दिया गया।

आगामी गणेश चतुर्थी और विश्वकर्मा जयंती को देखते हुए प्रतिमा स्थापना, विसर्जन, जुलूस और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। आईजी ने पीस कमेटी की बैठकें कराने, आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts