रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा पुरासी में सोमवार को उप जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश गौतम ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
ग्रामीणों ने जल निगम, विद्युत एवं राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति में आ रही दिक्कतों, अनियमित विद्युत आपूर्ति तथा राजस्व संबंधी मामलों के शीघ्र समाधान की मांग की। इसके अलावा किसानों ने हर वर्ष बरसात के दौरान खेतों में जलभराव होने से फसलों के नुकसान की समस्या को गंभीर बताते हुए स्थायी समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश के मौसम में खेतों में पानी भर जाता है, जिससे फसलें बर्बाद हो जाती हैं और किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है।ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद एसडीएम चंद्रप्रकाश गौतम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर सप्लाई इंस्पेक्टर मुकेश पांडे, मंत्री सर्वोत्तम सिंह, प्रधान प्रतिनिधि गंगासागर पांडे, लेखपाल संतोष यादव, शिवमोहन तिवारी, सूरज द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
