ट्रेन की चपेट में आने से युवक गंभीर घायल, पहचान के लिए पुलिस ने फोटो किया वायरल

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे रायबरेली एम्स रेफर कर दिया। एम्स में घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना सोमवार, 7 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति रेलवे पटरी के आसपास पैदल जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।घायल की नहीं हो सकी पहचान हादसे में घायल व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।

वह कहां का रहने वाला है और रेलवे ट्रैक के पास किस वजह से पहुंचा था, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आ पाई है। पुलिस ने उसकी पहचान और परिजनों का पता लगाने के लिए घायल की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल की है।मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार के मुताबिक, घायल की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उसकी पहचान कराने के लिए फोटो सार्वजनिक की गई है और सोशल मीडिया के माध्यम से उसके परिजनों की तलाश की जा रही है। पुलिस स्थानीय स्तर पर भी घायल के बारे में जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल घायल का इलाज रायबरेली एम्स में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस घायल की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना देने की कार्रवाई करेगी।

Related posts