पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के जफरापुर गांव में रविवार को पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार जफरापुर निवासी धर्मराज किसी काम से घर से बाहर गया था। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन लोगों ने उसे घेर लिया और उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही धर्मराज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।घायल के भाई दयाशंकर ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने धर्मराज पर हमला किया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।बताया जा रहा है कि धर्मराज वर्ष 2024 में एक हत्या के मामले में जेल गया था और करीब एक वर्ष पूर्व ही जेल से बाहर आया था।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts