जाजमऊ गंगा पुल पर तीन माह चलेगा मरम्मत कार्य, 8 सितंबर से लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।कानपुर नगर। जनपद कानपुर नगर स्थित जाजमऊ के पुराने गंगा पुल (लखनऊ-उन्नाव से कानपुर मार्ग) पर मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण (रिहैबिलिटेशन) कार्य कराए जाने के कारण 8 सितंबर 2026 से 8 दिसंबर 2026 तक तीन माह के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। इस अवधि में विभिन्न जनपदों की ओर जाने वाले भारी एवं सामान्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।

प्रशासन द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार उन्नाव से औरैया एवं इटावा जाने वाले वाहन गंगा एक्सप्रेस-वे होते हुए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा एनएच-31 से बिहार मार्ग होते हुए एनएच-19 स्थित बक्सर मोड़ के रास्ते भी कानपुर, औरैया एवं इटावा जाया जा सकेगा।उन्नाव से बांदा और महोबा जाने वाले वाहनों को एनएच-31 के माध्यम से लालगंज और फतेहपुर होते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।

वहीं हमीरपुर, राठ, उरई एवं आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन एनएच-31 से बिहार मार्ग होते हुए बक्सर मोड़, चौड़गरा स्थित एनएच-19 तथा एसएच-46 के जरिए घाटमपुर (एनएच-34) होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।कानपुर जाने वाले वाहनों के लिए भी एनएच-31 से बिहार मार्ग होते हुए बक्सर मोड़ और एनएच-19 के रास्ते कानपुर पहुंचने की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें तथा यात्रा से पूर्व अपने रूट की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके। जाजमऊ गंगा पुल पर प्रस्तावित मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीमें तैनात रहेंगी।

Related posts