महिला से लूट करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटा गया लॉकेट व बाइक बरामद।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

जगतपुर/रायबरेली। थाना जगतपुर पुलिस ने महिला से लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार 6 सितम्बर को ग्राम बसनपुर मजरे जमुनीपुर चौहत्तर निवासी एक महिला अपने मायके से ससुराल लौट रही थी। इसी दौरान गदागंज रोड पर दीपावली स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने का लॉकेट झपट लिया और फरार हो गए।

पीड़िता की तहरीर पर थाना जगतपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक सिंह निवासी चांदचक मजरे धर्मदासपुर तथा सुशील सिंह निवासी सराय श्रीबक्सा थाना जगतपुर शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सोने का लॉकेट और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष वागीश मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयदयाल सिंह, उपनिरीक्षक गौरव लोहिया, हेड कांस्टेबल नरेंद्र कुमार व कांस्टेबल संतोष यादव की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

Related posts