रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। रायबरेली-महराजगंज मार्ग पर मंगलवार को डायल-112 में तैनात एक सिपाही सड़क हादसे का शिकार हो गया। अचानक सड़क पर आई नीलगाय से पुलिस बाइक टकरा गई, जिससे सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार हरचंदपुर थाना क्षेत्र के सोहाई बाग निवासी सिपाही हंसराज डायल-112 की पुलिस बाइक (संख्या यूपी 32 डीजी 8278) से ड्यूटी पर जा रहे थे।
सेनपुर गांव के पास पहुंचते ही अचानक एक नीलगाय सड़क पार करने लगी। इससे पहले कि सिपाही बाइक पर नियंत्रण कर पाते, तेज रफ्तार बाइक नीलगाय से टकरा गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और सिपाही हंसराज घायल हो गए।
हादसा देख आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया।सीएचसी में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार सिपाही की हालत अब सामान्य है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में आवारा नीलगायों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
