काशीराम कॉलोनी कंपोजिट विद्यालय में दिव्यांग बच्चों के लिए उपकरण वितरण शिविर आयोजित: 424 लाभार्थियों को बांटे गए 702 आधुनिक उपकरण
डीआईओएस और बीएसए की मौजूदगी में हुआ भव्य शिविर का शुभारंभ; एलिमको कानपुर के सहयोग से बच्चों को मिली राहत
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना कार्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल के निर्देशन में समग्र शिक्षा अभियान के तत्वावधान में समेकित नगर क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय, कांशीराम कॉलोनी में एक विशाल दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में एलिमको कानपुर के माध्यम से जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकतानुसार निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला समन्वयक, समेकित शिक्षा द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान जिला समन्वयक समेकित शिक्षा प्रमोद गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर और बैज लगाकर किया।
कुल 424 लाभार्थियों को मिले 702 उपकरण: कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जिला समन्वयक ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से कुल 424 दिव्यांग लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार 702 विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
अतिथियों द्वारा बच्चों को ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, क्रच (बैशाखी), रोलेटर, सी.पी. चेयर, टी.एल.एम. किट, कान की मशीन, ब्रेल किट, सुगम्य छड़ी, वाकिंग छड़ी, कैलीपर, लो विजन किट तथा विशेष रूप से 01 विद्युत मोटर युक्त ट्राई साइकिल का वितरण किया गया।
वितरित किए गए उपकरणों में पीएमश्री विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ-साथ समग्र शिक्षा के अन्य पात्र लाभार्थी शामिल रहे। शिविर के अंत में जिला समन्वयक ने विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जनपद के समस्त स्पेशल एजुकेटर, एलिमको कानपुर के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे।
