ऊंचाहार में आयोजित सम्मान समारोह में मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने किया सम्मानित, कन्या जन्मोत्सव भी मनाया गया।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 08 सितम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण सोमवार को जनपद रायबरेली की विभिन्न तहसीलों में भी किया गया। इसी क्रम में तहसील ऊंचाहार में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 09 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। साथ ही कुपोषण से मुक्ति पाकर सुपोषित हुए 07 बच्चों के माता-पिता को भी सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में 05 बालिकाओं का कन्या जन्मोत्सव मनाकर बेटियों के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत 05 बालिकाओं को लाभान्वित करते हुए प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी लिया।आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मानदेय में वृद्धि किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इससे उनका मनोबल बढ़ा है और वे महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित हुई हैं।मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सबसे मजबूत कड़ी हैं।
बच्चों के पोषण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण तथा प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकत्रियों से पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।समारोह में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, लाभार्थी परिवार तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
