दानेश्वर धाम से निकली आस्था की विराट यात्रा, पुष्पवर्षा और भव्य स्वागत के बीच डलमऊ के लिए रवाना हुए शिवभक्त।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। रुद्र नगर वार्ड नंबर-6 स्थित दानेश्वर धाम मंदिर परिसर से शुक्रवार को महाकाल कांवरिया संघ के तत्वावधान में निकली विशाल कांवर यात्रा आस्था और भक्ति का अनूठा उदाहरण बन गई। चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने विधिवत पूजन-अर्चन कर करीब 400 शिवभक्तों के जत्थे को हरी झंडी दिखाकर डलमऊ के लिए रवाना किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से गूंज उठा।
रवाना होने से पहले प्रभात साहू ने शिवभक्तों का स्वागत करते हुए कहा कि कांवर यात्रा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने सभी कांवरियों की सुखद, सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना करते हुए कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। उनके नेतृत्व में श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र, फल, मिठाई और जल वितरित किया गया।
भगवा वस्त्र धारण किए कांवरियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालु हाथों में कांवर लिए बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक का संकल्प लेकर आगे बढ़े तो मार्ग में मौजूद लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। यात्रा के दौरान धार्मिक गीतों और शिवभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर विजय धीमान, सभासद धर्मेंद्र वर्मा, रवि सक्सेना, सरदार अज्जू मिश्रा, शिवशरण साहू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं विकास लोधी, बबलू लोधी, संदीप लोधी, अरविंद लोधी, गुल्लू उर्फ आकाश सरोज, शिवा, रवि लोधी, रामबरन लोधी, रामप्रसाद, शैलेंद्र लोधी, रंजीत, अमन, अनूप और आजाद सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त यात्रा में शामिल रहे।
कांवरियों के प्रस्थान के समय परिजनों और ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया तथा बाबा भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। पूरे क्षेत्र में देर तक आस्था, उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।
