एक महीने बाद बाढ़ पीड़ितों तक पहुंची राहत, जनप्रतिनिधियों की बेरुखी पर ग्रामीणों में नाराजगी

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। बाढ़ की विभीषिका झेल रहे विकासखंड क्षेत्र के कोड़री मजरे मोन गांव में आखिरकार एक महीने बाद राहत सामग्री पहुंची। शनिवार को पूर्व विधायक रामलाल अकेला और मोन गांव के पूर्व प्रधान माताफेर सिंह ने बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के बीच खाद्यान्न, कपड़े एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया। राहत मिलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

ग्रामीणों के अनुसार बीते करीब एक महीने से गांव जलमग्न है। घरों के आसपास पानी भरा होने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। बाढ़ के कारण कई परिवार आर्थिक और सामाजिक परेशानियों से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक न तो कोई जिम्मेदार अधिकारी गांव पहुंचा और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी सुध ली। इससे ग्रामीणों में काफी नाराजगी व्याप्त थी।ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक रामलाल अकेला और पूर्व प्रधान माताफेर सिंह राहत सामग्री लेकर गांव पहुंचे।

उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। राहत सामग्री वितरण के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बछरावां विधानसभा क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति संकट में होगा तो वह उसकी मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

साथ ही प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने की मांग भी की।

इस अवसर पर पूर्व प्रधान माताफेर सिंह, रामलखन यादव, मन्नू सिंह, पंकज, सूरज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related posts