धारा लक्ष्य समाचार पत्र
वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन से शनिवार, 31 अक्टूबर को देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना किया. बनारस से नई दिल्ली के बीच चलने वाली यह ट्रेन लंबी दूरी की रात की यात्रा को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बनाएगी. 
वाराणसी-दिल्ली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का जर्नी टाइम
करीब 759 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन को उद्घाटन के दौरान विशेष रूप से चलाया गया है. इसका सफर लगभग 9 घंटे 45 मिनट में पूरा होगा. ट्रेन वाराणसी से चलकर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में रुकेगी. 
रात की जर्नी होगी बेहद आरामदायक
इस नई ट्रेन के शुरू होने से पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को राजधानी दिल्ली आने-जाने के लिए एक आधुनिक रात्रिकालीन रेल सेवा का विकल्प मिलेगा. वाराणसी में उद्घाटन के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे.
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 कोच
अब वंदे भारत ट्रेन में वाराणसी से नई दिल्ली और नई दिल्ली से वाराणसी के लिए सोते हुए सफर गुजरेगा. ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 11 थर्ड एसी, चार सेकेंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल है. इसमें कुल 823 यात्रियों के लिए बर्थ उपलब्ध हैं. थर्ड एसी में 611, सेकेंड एसी में 188 और फर्स्ट एसी में 24 बर्थ हैं.
सादर साभार आज तक
