लखनऊ में आयोजित प्रधानाचार्य परिषद की बैठक में विनियमितीकरण की प्रगति पर जताई खुशी।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रधानाचार्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में उस समय रायबरेली का गौरव बढ़ गया, जब बैंसवारा इंटर कॉलेज, लालगंज के प्रधानाचार्य नरेंद्र बहादुर सिंह ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश भर से आए प्रधानाचार्यों की उपस्थिति में शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के विनियमितीकरण संबंधी प्रकरणों में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। प्रदेश के प्रधानाचार्यों ने इसे लंबे समय से लंबित मांगों की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताते हुए खुशी जाहिर की और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान प्रधानाचार्य नरेंद्र बहादुर सिंह ने अपने साथियों की खुशी में सहभागी बनते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षाविदों ने इसे रायबरेली जिले के लिए सम्मानजनक क्षण बताया।
बैठक में मंडलीय अध्यक्ष बृजेश तिवारी, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार, शिवगढ़ के प्रधानाचार्य राजकुमार गुप्ता, कोंसा के प्रधानाचार्य वी. राजकुमार, लंभुआ (सुल्तानपुर) के प्रधानाचार्य डॉ. गुलाब सिंह समेत बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम में स्नातक एमएलसी उमेश द्विवेदी एवं अवनीश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अंत में प्रधानाचार्य नरेंद्र बहादुर सिंह ने परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र राय एवं संयोजक डॉ. महेंद्र राय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद की एकजुटता और निरंतर प्रयासों से प्रधानाचार्यों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती मिल रही है तथा शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
