मुंशीगंज ओवरब्रिज पर ट्रक के नीचे घुसी स्कूटी, बाल-बाल बची एम्सकर्मी की जान

रॉन्ग साइड से कट ले रहे ट्रक की चपेट में आया स्कूटी सवार, वाहन क्षतिग्रस्त; चालक हिरासत में।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मुंशीगंज नई बस्ती के सामने स्थित ओवरब्रिज पर रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। रॉन्ग साइड से कट लेने के दौरान एक ट्रक ने पीछे से आ रही स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्कूटी ट्रक के पहिए के नीचे फंस गई। हादसे में स्कूटी सवार एम्सकर्मी बाल-बाल बच गया और उसे मामूली चोटें आईं, जबकि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है।

स्कूटी सवार एम्स में ड्यूटी के लिए अपने घर से निकला था। जब वह मुंशीगंज नई बस्ती के सामने ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी एक ट्रक अचानक रॉन्ग साइड से कट लेने के लिए मुड़ गया। पीछे से आ रहे स्कूटी सवार ने चालक को सतर्क करने के लिए हॉर्न भी बजाया, लेकिन इससे पहले कि वह संभल पाता, स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई।देखते ही देखते स्कूटी ट्रक के पहिए के नीचे फंस गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दौड़कर स्कूटी सवार को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। लोगों का कहना है कि यदि जरा सी भी चूक हो जाती तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।घटना के बाद ट्रक चालक मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की लापरवाही और रॉन्ग साइड संचालन पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।हालांकि इस हादसे में एम्सकर्मी की जान बच गई, लेकिन ट्रक के पहिए के नीचे फंसी स्कूटी की तस्वीरें घटना की भयावहता को बयां कर रही थीं। क्षेत्र में इस हादसे की चर्चा पूरे दिन होती रही।

Related posts