चौपाल लगाकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को नारी सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक बाराबंकी श्री अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशानुसार शासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत मंगलवार को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज में चौपाल का आयोजन कर महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।
क्षेत्राधिकारी कोतवाली नगर के कुशल पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं, बालिकाओं एवं पुरुषों को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, महिला अपराध, साइबर अपराध तथा महिला मिशन शक्ति केंद्र से मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
मिशन शक्ति टीम ने आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रहने के लिए भी जागरूक किया।
इन हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
पुलिस टीम द्वारा शासन की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने की अपील की गई।
1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर
1090 — वूमेन पावर हेल्पलाइन
1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
1930 — साइबर क्राइम हेल्पलाइन
112 — पुलिस आपातकालीन सेवा
108 — एंबुलेंस सेवा
102 — स्वास्थ्य सेवा
पुलिस टीम ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अपराध की स्थिति में पीड़ित व्यक्ति को घबराने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से तत्काल संपर्क करना चाहिए।
थाना कोतवाली नगर, जनपद बाराबंकी पुलिस द्वारा आमजन से महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
