17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनसेवा, जनचौपाल और सुरक्षा जागरूकता पर जोर
धारा लक्ष्य समाचार जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायतों, विकासखंडों, वार्डों, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में करीब 14 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्य आयोजन जीआईसी मैदान में हुआ, जहां 51 हजार दीप और करीब 30 हजार कैंडल प्रज्वलित की गईं।
कार्यक्रम में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक सेउता ज्ञान तिवारी, विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल समेत जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने आयोजन को सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सहभागिता से जोड़ते हुए जनपदवासियों की भागीदारी का उल्लेख किया।
इसी अवसर पर सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले के थानों और पुलिस इकाइयों में त्वरित जनसुनवाई, नागरिक सुविधाओं और सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जन-चौपाल के साथ महिलाओं, बालिकाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपातकालीन सेवा 112 का प्रचार किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य पुलिस-प्रशासन और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने तथा जनसेवा एवं सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्रभावी बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 25 सिलाई मशीन, दो कुम्हार और दो हलवाई ट्रेड के लाभार्थियों को किट प्रदान की गईं। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में सहयोग के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जनपदवासियों का आभार जताया। जनपदभर में एक साथ दीप प्रज्वलन से ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
