रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रायबरेली के पुस्तकालय में विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने नवनिर्मित वोकेशनल लैब का उद्घाटन कर समिति के सदस्यों के साथ लैब भ्रमण किया। जिलाधिकारी ने लैब में उपलब्ध विभिन्न उपकरणों की जानकारी शिक्षक आशुतोष मिश्र एवं अनुराग यादव से प्राप्त की तथा तकनीकी क्षेत्र में विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
बैठक में प्राचार्य संजय कुमार श्रीवास्तव ने प्राचार्य द्वारा विद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, गत सत्र के सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम तथा पीएमश्री योजना के अंतर्गत कराए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। विद्यालय की कक्षा 12वीं का सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम दोनों पालियों में शत-प्रतिशत रहने पर जिलाधिकारी एवं समिति के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार की सराहना की।
बैठक में पीएमश्री योजनांतर्गत आगामी कार्यों की कार्ययोजना एवं सत्र 2026-27 के प्रस्तावित बजट को अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया गया, जिसे समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। जिलाधिकारी ने प्रस्तावित कार्यों एवं बजट पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए। समिति के सदस्यों के अभिमत के उपरांत बैठक में रखे गए विभिन्न प्रस्तावों को भी अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक के अंत में प्राचार्य संजय कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार की ओर से जिलाधिकारी/विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष को प्रतीक स्वरूप स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
बैठक में नामित अध्यक्ष एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सहदेव कुमार मिश्र सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
