सीतापुर में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

12 घंटे में गिरफ्तारी, 25 हजार का इनाम; 223 बोतल शराब के साथ तीन तस्कर दबोचे

धारा लक्ष्य समाचार 1

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की। थानगांव पुलिस ने छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी अवधराम उर्फ भोले शंकर को 12 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 12 बोर का तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस और ₹350 बरामद हुए। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली टीम को ₹25 हजार का पुरस्कार दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सदरपुर थाना क्षेत्र के सद्दुपुर महरिया गांव का निवासी है। उसके खिलाफ थानगांव थाने में मु0अ0सं0 182/26 के तहत बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। ग्राम बेर्रा के पास हुई मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, महमूदाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी। मोतीपुर बाईपास के पास से तीन तस्करों बजरंगी राय, रमेश सिंह और पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से हरियाणा निर्मित विभिन्न ब्रांडों की 223 बोतल शराब और फर्जी नंबर प्लेट लगी ईटियोस कार बरामद हुई। पुलिस के अनुसार शराब की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन हरियाणा ओनली’ अंकित था।

पुलिस के मुताबिक तस्कर शराब को कार में छिपाकर हरियाणा से बिहार ले जाते थे। बरामद कार का वास्तविक नंबर BR01KG5234 बताया गया है, जबकि उस पर BR01BW4340 की फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। वाहन को एमवी एक्ट के तहत सीज कर तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Related posts