जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तीन छात्राओं का चयन, विजेताओं को किया गया सम्मानित।
धारा लक्ष्य समाचार रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र महराजगंज में ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के लगभग 40 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कक्षा 5 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय तौली की कक्षा आठ की छात्रा सीमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं कम्पोजिट विद्यालय पखनपुर की कक्षा सात की छात्रा माही द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय महराजगंज की छात्रा दीपांशी तृतीय स्थान पर रहीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत चित्रों में सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को आकर्षक ढंग से उकेरा गया।खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीनों छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पेन बॉक्स देकर सम्मानित किया गया।
साथ ही उनका चयन आगामी जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
कार्यक्रम में एआरपी अंकित गुप्ता, मीनाक्षी पाण्डेय, दिनेश शुक्ला, विकास चौधरी, पूर्व एआरपी शिवबालक तथा शिक्षक राकेश गौतम, राधारानी, विवेक सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
