सूने मकान के ताले तोड़कर लाखों का सामान चोरी, 50 हजार नकदी भी ले गए चोर

बिसवां के थवई टोला में वारदात, दीपावली पर बच्चों से मिलने लखनऊ गई थीं मकान मालकिन

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। बिसवां कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला थवई टोला में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर नकदी और सोने के आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना का खुलासा 12 नवंबर को उस समय हुआ, जब मकान मालकिन दीपावली की छुट्टियों में लखनऊ से वापस लौटीं। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, यासमीन फात्मा दीपावली की छुट्टियों में अपने बच्चों से मिलने लखनऊ गई थीं। इस दौरान मकान में ताला लगा हुआ था। 12 नवंबर को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़िता के मुताबिक, चोर घर से करीब एक तोले की सोने की चेन, दो सोने के टॉप्स, दो अंगूठियां, इन्वर्टर-बैटरी और भरा हुआ गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। इसके अलावा छह जोड़ी नए कपड़े, डबल बेड की पांच नई चादरें, रूम हीटर और अन्य कीमती सामान भी गायब मिला।

पीड़िता ने घर में रखे 50 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात भी तहरीर में बताई है। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चोरी की वारदात को लेकर चिंता है।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

*पीड़िता ने जताई पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी

पीड़िता यासमीन फात्मा का कहना है कि बिसवां क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि यदि पूर्व की घटनाओं में प्रभावी और कठोर कार्रवाई की गई होती तो शायद आज उन्हें इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने पुलिस से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related posts