गांधी व शास्त्री जयंती पर जनपद में आयोजित हुए विविध कार्यक्रम: कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के साथ जीआईसी में ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रदर्शनी का आयोजन

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कलेक्ट्रेट में फहराया तिरंगा; जीआईसी में मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित, परसेंडी में गूंजा अहिंसा का संदेश

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार (2 अक्टूबर 2026) को जनपद सीतापुर में कलेक्ट्रेट परिसर, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास व गरिमामय वातावरण में किया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और बापू व शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों महान विभूतियों को नमन किया।

कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के उपरांत महात्मा गांधी के प्रिय भजनों एवं रामधुन का सुमधुर गायन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि महात्मा गांधी का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग, सादगी और मानव सेवा के आदर्शों को समर्पित रहा।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों का लाभ पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे का स्मरण करते हुए जिलाधिकारी ने लोक सेवकों को पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्य निर्वहन का संकल्प दिलाया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) खालिद अंजुम सहित कलेक्ट्रेट व विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के सामुदायिक सभागार में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित जनपद स्तरीय चित्र प्रदर्शनी एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. दीक्षा जोशी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। 22 सितंबर 2026 से विद्यालय व विकासखंड स्तर से चरणबद्ध चयन के पश्चात पहुंची श्रेष्ठ प्रविष्टियों का मूल्यांकन एसआरजी टीम के करुणेश मिश्र, आलोक श्रीवास्तव एवं मदनेश मिश्रा द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के बेसिक वर्ग में शिवानी दीक्षित ने प्रथम, काजल ने द्वितीय तथा गौरव मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं माध्यमिक वर्ग में दिव्यांश शर्मा प्रथम, ऋषभ द्वितीय एवं आयुष तृतीय स्थान पर रहे। जिलाधिकारी ने मेधावी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप ड्राइंग किट का वितरण किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, जीआईसी के प्राचार्य, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) योगेश पांडे तथा जिला समन्वयक (निपुण) सौरभ शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राज शर्मा ने किया।

उधर, ब्लॉक परसेंडी स्थित सरस्वती बाल विद्या मंदिर, पारा में ‘माय भारत’ सीतापुर के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस एवं स्वच्छ भारत दिवस पर स्लोगन तथा चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य अनुज कुमार पाल व शिक्षकों द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। ‘माय भारत’ स्वयंसेवक सृष्टि देवी ने उपस्थित युवाओं को अहिंसा दिवस व स्वच्छ भारत अभियान के इतिहास व महत्व से अवगत कराया। तत्पश्चात ‘अहिंसा परम धर्म’ थीम पर आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता में लक्ष्मी गुप्ता ने प्रथम, रिशु ने द्वितीय तथा आयुष त्रिवेदी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

वहीं ‘स्वच्छ भारत’ विषयक चित्रकला प्रतियोगिता में विनीत प्रथम, काजल पाल द्वितीय एवं अभय प्रताप तृतीय स्थान पर रहे। प्रधानाचार्य द्वारा विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संयोजन एवं संचालन ब्लॉक परसेंडी की ‘माय भारत’ स्वयंसेवक मुस्कान देवी व सृष्टि देवी द्वारा किया गया, जिसमें शिक्षक गौरव पाल, ज्ञानेंद्र बहादुर सिंह, अलका मौर्य तथा दृष्टि श्रीवास्तव सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा।

Related posts