लालगंज तहसील में डीएम-एसपी ने सुनी फरियाद, 102 शिकायतें दर्ज

12 मामलों का मौके पर निस्तारण, बाकी शिकायतों को एक सप्ताह में निपटाने के निर्देश

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली, 03 अक्टूबर। तहसील लालगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 37, पुलिस की 23, विकास विभाग की 11, समाज कल्याण की 4 तथा अन्य विभागों से संबंधित 27 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर ही 12 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और यदि किसी प्रकरण में समस्या आती है तो उसका स्पष्ट कारण बताया जाए।पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी पुलिस से संबंधित मामलों को सुना और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान एसडीएम लालगंज राजेश श्रीवास्तव, पीडी डीआरडीए मुनेश चन्द्र, सीओ लालगंज सुजीत कुमार राय समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts