नाबालिग बेटी के अपहरण के बाद समझौते का दबाव, पिता ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गढ़ीखास गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित पिता छविनाथ लोध का आरोप है कि 2 अक्टूबर की सुबह उसकी पुत्री अपनी बड़ी बहन के साथ शौच के लिए गई थी। इसी दौरान अमन पासी और नीरज पासी उसे कथित रूप से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। विरोध करने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित के मुताबिक, शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और बाद में उसकी बेटी थाने पहुंची। आरोप है कि थाने में कुछ लोगों ने उस पर मुकदमा खत्म करने के लिए एक लाख रुपये लेकर समझौता करने का दबाव बनाया तथा धमकियां दीं। पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसकी मौजूदगी में दो सादे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए।

पीड़ित ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में विपक्षियों पर लगातार धमकी देने और घर पर महिलाओं समेत कई लोगों के पहुंचकर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उसने अपनी व बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Related posts