रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। चुनाव आयोग के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने रविवार को शहर में पैदल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। डिग्री कॉलेज चौराहे के समीप शहीद चौक पर बड़ी संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग उठाई।भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने का प्रयास किया।
पुतला छीनने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। सपा नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
नेताओं ने देशभर में करीब 13 करोड़ वोट काटे जाने का दावा करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।
सपा नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कथित अनियमितताओं की जांच जरूरी है। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग दोहराई। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे को आगे भी मजबूती से उठाया जाएगा।
हालांकि सपा द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
