सैनपुर और बाबूजी का पुरवा के मामलों का सफल निस्तारण, शिकायतकर्ताओं से लिया फीडबैक।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज/रायबरेली। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को थाना महराजगंज स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दो पारिवारिक विवादों का सफलतापूर्वक निस्तारण होने के बाद संबंधित शिकायतकर्ताओं एवं उनके परिजनों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार शारदीय नवरात्र के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में सैनपुर, पोस्ट होती तथा बाबूजी का पुरवा, पोस्ट पाली से जुड़े दो पारिवारिक विवादों में पुलिस की पहल पर समाधान कराया गया।
विवादों का निस्तारण होने के बाद संबंधित पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर आमंत्रित कर उनसे बातचीत की गई और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में फीडबैक लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं और समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने महिलाओं को अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया।
पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की पहल
मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने पारिवारिक विवादों के निस्तारण के बाद संबंधित पक्षों से दोबारा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद शिकायतकर्ताओं एवं उनके परिजनों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का आपसी संवाद से समाधान कराने के साथ पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक लालजी यादव, महिला आरक्षी चारु शर्मा, महिला आरक्षी साधना सचान, आरक्षी संदीप कुमार यादव, आरक्षी अनुज कुमार और आरक्षी जयवीर सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
