मस्जिद की दीवार और छत में आई दरारें, दो लोग घायल; घनी आबादी में पटाखों के भंडारण पर उठे सवाल।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली।शहर कोतवाली क्षेत्र के अहियारायपुर में शुक्रवार को पटाखों के विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। मस्जिद के बगल स्थित एक मकान में रखे पटाखों में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के एक दर्जन से अधिक मकान इसकी चपेट में आ गए। कई घरों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि खिड़कियां और दरवाजे भी टूट गए। मस्जिद की दीवार और छत में दरारें आने की बात भी सामने आई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घनी आबादी के बीच कथित रूप से पटाखों का गोदाम संचालित किया जा रहा था। अचानक हुए जोरदार धमाके से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना में दो लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।विस्फोट के बाद मोहल्लेवासियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए घनी आबादी के बीच पटाखों के भंडारण को गंभीर सुरक्षा खतरा बताया। लोगों का आरोप है।
कि इस तरह का भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। बताया गया कि पुलिस की मौजूदगी में पटाखों के भंडार को वहां से हटाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पटाखों का भंडारण वैध था या अवैध और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
