सीताराम विवाह की रस्मो ने मोहा मन, बाराती बन झूमें नगरवासी ।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

महराजगंज, रायबरेली। श्री दानेश्वर धाम नव दुर्गा पूजा समिति की ओर से दानेश्वर धाम परिसर में आयोजित रामलीला में श्री लक्ष्मण-परशुराम संवाद एवं श्री सीताराम विवाह समारोह का भव्य मंचन किया गया। भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह की मनोहारी लीलाओं ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इस दौरान नगर एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।विवाह समारोह के दौरान शिवकैलाश सोनी ने सोने की कील, सूर्यप्रकाश वर्मा ने पांच वस्त्र तथा संतोष जायसवाल एवं संदीप वैश्य ने पांच बर्तन भेंट कर पैर-पूजी एवं कन्यादान की रस्म निभाई। विवाह की पारंपरिक रस्मों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

श्रीराम एवं माता जानकी के फेरो सहित लावा परछन की भावभीनी रस्मों का मंचन आकर्षण का केंद्र रहा। विवाह के मंगलमय अवसर पर उपस्थित नगर एवं क्षेत्रवासियों ने बारातियों की भूमिका निभाते हुए नृत्य किया। पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों और भक्ति संगीत से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई, जिससे विवाह समारोह का उत्साह और बढ़ गया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में रामभोग (खिचड़ी) की रस्म का भी मंचन किया गया। श्री सीताराम विवाह की पावन लीलाओं को देखकर श्रद्धालु आनंदित नजर आए। धार्मिक परंपराओं, लोक रीति-रिवाजों और भक्ति भाव से ओतप्रोत इस आयोजन ने उपस्थित लोगों को त्रेतायुगीन विवाह की झलक का अनुभव कराया। मौके पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिनेश सिंह राठौर, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष विनोद अवस्थी,समिति प्रबंधक ज्ञानप्रकाश जायसवाल,

सुधा अवस्थी,अध्यक्ष राहुल वैश्य, डीडीसी आरती गौतम, सरोज गौतम, अधिवक्ता ज्योति प्रकाश (दीपू) अवस्थी, सुशील पांडेय, अमित त्रिपाठी,मुकेश मोदनवाल, राजेश सोनी,धीरज, प्रशांत जायसवाल, प्रिंकल सिंह, ज्ञानेंद्र साहू, विमलेश वैश्य, कमलाकर विक्रमादित्य, मुकेश वैश्य, रवि सक्सेना सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Related posts