मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा पर विधिक प्रशिक्षण

निःशुल्क कानूनी सहायता व पारिवारिक विवादों के समाधान पर जोर, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं और महिला पुलिसकर्मी सम्मानित

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत रविवार को खैराबाद थाना क्षेत्र स्थित भूमिजा हॉल में महिला सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण को लेकर विधिक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों, पारिवारिक कानूनों तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय मंजुला सरकार रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव, अपर प्रधान न्यायाधीश आभा पाल, मनोवैज्ञानिक सहायता केंद्र नूर मंजिल, लखनऊ की डॉ. अंजलि गुप्ता और जनजागृति एवं परामर्श से जुड़ी आली प्रवक्ता मौजूद रहीं।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक विनय यादव, क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी और महिला थानाध्यक्ष मधु यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) और लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (एलएडीसीएस) के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। बताया गया कि पात्र जरूरतमंदों को न्यायिक प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में कानूनी मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। साथ ही पारिवारिक विवादों को आपसी संवाद, सामंजस्य और विधिक परामर्श से सुलझाने पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को पीड़ित महिलाओं के अधिकारों, कानूनी संरक्षण और उपलब्ध सहायता योजनाओं के बारे में सही जानकारी देने के लिए मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं, छात्राओं और उत्कृष्ट सेवा देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

Related posts