तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार; गांव में पसरा मातम।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली।गदागंज थाना क्षेत्र के बरारा बुजुर्ग चौराहे पर रविवार को डंपर और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और डंपर में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिवार में कोहराम और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, खोदाएपुर मजरे बरारा बुजुर्ग निवासी शिवम (20) अपने पिता इंद्रपाल (50) के साथ रेलवे स्टेशन से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ऊंचाहार की ओर से राख लादकर आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बरारा बुजुर्ग चौराहे पर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों की मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक और डंपर में आग लग गई। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गदागंज थाना प्रभारी बालेन्दु गौतम ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
