स्कॉर्पियो की खरीदारी और डिलीवरी को लेकर विवाद, गोली लगने से दो युवक गंभीर

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली।हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिडौली गांव में बुधवार शाम महिंद्रा स्कॉर्पियो की खरीदारी और डिलीवरी को लेकर हुए विवाद में गोली चलने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चलने की जानकारी मिली है।जानकारी के अनुसार, बुधवार, 21 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे डिडौली गांव में स्कॉर्पियो की खरीदारी और डिलीवरी को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान गोली चलने से दो युवक घायल हो गए।स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के दौरान करीब आधा दर्जन गाड़ियों से लोगों के गांव पहुंचने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि रास्ते से गुजर रहे एक युवक ने घटना की सूचना त्रिपुला चौकी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।गोलीकांड के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह, आरोपियों की पहचान और घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आ सकेगी।

Related posts