धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज/ रायबरेली। कस्बे के वार्ड नंबर तीन गांधीनगर में बकरी के खेत में चले जाने को लेकर हुए विवाद में एक दंपति पर 16 वर्षीय किशोरी की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई करने का आरोप लगा है। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना में गंभीर रूप से घायल किशोरी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कस्बे के वार्ड नंबर तीन गांधीनगर निवासी संतोष कुमार पुत्र मैकूलाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कस्बे के ही एक दंपति की बकरी उनके खेत में चली गई थी। उनकी 16 वर्षीय पुत्री आंचल जब बकरियों को खेत से भगाने लगी, तो आरोपित दंपति ने लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
आरोप है कि पुलिस के पहुंचने पर दंपति जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।इस संबंध में कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
