9 देशों और 8 राज्यों के प्रमुख खरीदारों ने लिया हिस्सा; 35 प्रदर्शनी स्टालों और लाइव बुनाई प्रदर्शन से वैश्विक मंच पर चमकी सीतापुर की दरी
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ योजना के तहत सीतापुर के 150 से 200 वर्ष पुराने पारंपरिक हस्तशिल्प दरी उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रथम ‘क्रेता-विक्रेता सम्मेलन’ का भव्य शुभारंभ को हुआ।
सीतापुर शिक्षा संस्थान, रस्यौरा में आयोजित इस दो दिवसीय ऐतिहासिक सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी सहित उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।
स्थानीय बुनकरों को बिचौलियों से मुक्त करा सीधे अंतर्राष्ट्रीय बाजार से जोड़ना लक्ष्य: उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ओडीओपी योजना ने प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को नई संजीवनी दी है। यह सम्मेलन ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने जिला प्रशासन की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि बुनकरों को अपना सामान बेचने बाहर न जाना पड़े, बल्कि दुनिया भर के खरीदार खुद सीतापुर आएं। इसी क्रम में 9 देशों और भारत के 8 राज्यों के बायर्स को एक मंच पर लाकर कारीगरों को बिचौलियों से मुक्त कर सीधे बाजार से जोड़ा गया है।
9 देश, 8 राज्य और 35 भव्य प्रदर्शनी स्टाल बने मुख्य आकर्षण:
सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी ने बताया कि इस सम्मेलन में ओडीओपी दरी के 35 भव्य प्रदर्शनी स्टाल लगाए गए हैं, साथ ही दरी बुनाई का लाइव डेमो देने के लिए 2 विशेष स्टाल स्थापित किए गए हैं, जहाँ विदेशी व देशी खरीदार बुनकरों की लाइव कारीगरी देख रहे हैं।
इस सम्मेलन में जापान, फिनलैंड, जर्मनी, इजराइल, दक्षिण अफ्रीका, पनामा, सऊदी अरब, यूके और यूएई सहित 9 देशों और भारत के 8 राज्यों (दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, महाराष्ट्र व यूपी) के प्रमुख खरीदार हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन में दोनों दिन लगभग 500 बुनकर परिवार सहभागिता कर रहे हैं।
‘एक जनपद-एक व्यंजन’ के स्वाद का भी संगम: व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सम्मेलन में ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना का भी अनूठा संगम देखने को मिला। इसमें सीतापुर के प्रसिद्ध व्यंजनों—समोसा, पेड़ा, मिर्च पकौड़ा और मलाई मक्खन—के साथ-साथ लखनऊ मंडल के अन्य जिलों (हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, लखनऊ और लखीमपुर-खीरी) के विशिष्ट व्यंजनों के आकर्षक स्टाल लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में विधायक सेवता ज्ञान तिवारी, सिधौली विधायक मनीष रावत, मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव, महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य, महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, एमएलसी पवन सिंह चौहान व नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी सहित अन्य गणमान्य नागरिक व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
