रिपोर्ट कुलदीप कुमार शर्मा (के,के)
धारा लक्ष्य समाचार
हैदरगढ़ बाराबंकी। तहसील बार एसोसिएशन हैदरगढ़ के सभागार में देश के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह एवं महामंत्री संतोष कुमार शुक्ला ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने भी लौह पुरुष के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा आजादी के बाद देश की 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर भारत की अखंडता और एकता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। इसी महान कार्य के चलते उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।
वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए गए एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण मौजूद रहे। सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
