एक से बढ़कर एक सुरीली प्रस्तुतियों से बांधा समां, लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों ने संगीत प्रेमियों को किया मंत्रमुग्ध
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। ऐतिहासिक देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार की रात्रि आयोजित मेगा नाइट में मशहूर बॉलीवुड गायक जावेद अली ने अपनी शानदार गायकी से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी एक से बढ़कर एक मधुर और सुरीली प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए।

मंच पर जावेद अली के पहुंचते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने अपनी मधुर आवाज, सुरों पर शानदार पकड़ और भावपूर्ण गायन शैली से संगीत प्रेमियों का दिल जीत लिया।

जावेद अली ने मेगा नाइट कार्यक्रम की शुरुआत ‘मेरी अधूरी प्यास-प्यास, गीत से की, इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘जोधा अकबर’ का लोकप्रिय गीत, ‘कहने को जश्न -ए- बहारा है, को गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद तू जो मिला तो हो गया सब हासिल गीत पर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी, ‘अभी अभी न जाओ छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं है, गीत पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
फिल्म ‘रॉकस्टार’ का ‘कुन फाया कुन’, फिल्म ‘गजनी’ का ‘गुजारिश’, फिल्म ‘दिल्ली-6’ का ‘अर्जियां’, फिल्म ‘इश्कजादे’ का शीर्षक गीत, फिल्म ‘मर्डर-2’ का ‘तू ही हकीकत’, फिल्म ‘पुष्पा’ का ‘श्रीवल्ली’, ‘नगाड़ा’, ‘तेरा दीदार हुआ’ तथा फिल्म ‘रांझणा’ का ‘तुम तक’ जैसे चर्चित गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उनकी बुलंद आवाज, सुरों की गहराई और गीतों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विशेष रूप से रोमांटिक और सूफियाना अंदाज के गीतों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कई गीतों की धुन पर श्रोता झूमते और सुरों के साथ गुनगुनाते नजर आए।

जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ता गया, दर्शकों का उत्साह भी चरम पर पहुंचता गया। जावेद अली की सुरीली आवाज और लोकप्रिय गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मेगा नाइट को यादगार बना दिया। देर रात तक पूरा पंडाल संगीत की मधुर धुनों और दर्शकों की तालियों से गूंजता रहा।
वाद्ययंत्रों की संगत ने प्रस्तुतियों में भरे सुर
कार्यक्रम को यादगार बनाने में जावेद अली के संगीत दल के कलाकारों और तकनीकी टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। वाद्ययंत्रों पर मनीष कुलकर्णी ने बेस गिटार, मान्टू गोसावी ने ऑक्टोपैड, लतेश परब ने तबला एवं परक्यूशन, सचिन तायड़े ने फ्लूट, अमन देसाई ने की-बोर्ड-1, अश्विन रोकड़े ने की-बोर्ड-2, रोहन नाडकर्णी ने ड्रम और रौनी सातमकर ने लीड गिटार पर शानदार संगत की। वहीं साउंड इंजीनियर के रूप में धनंजय ववाले, लाइटिंग में रूजवेल्ट डिसूजा, ग्राफिक्स में चंदन शर्मा तथा म्यूजिक प्रोडक्शन में निखिल जवारे ने अपनी तकनीकी दक्षता से कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।
कलाकारों की बेहतरीन जुगलबंदी और साउंड-लाइट की शानदार व्यवस्था ने मेगा नाइट के आकर्षण को और बढ़ा दिया।
देवा मेला की इस मेगा नाइट में उमड़ी दर्शकों की भारी भीड़ और बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
