सदर विधायक अदिति सिंह ने नवनिर्मित बाल विकास परियोजना कार्यालय अमावां का किया लोकार्पण।

21 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित किए नियुक्ति पत्र।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। विकासखंड अमावां में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह ने 24 लाख 16 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित बाल विकास परियोजना कार्यालय का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर अमावां, राही एवं नगर क्षेत्र की 21 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम में विधायक अदिति सिंह ने दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई तथा दो बच्चों को अन्नप्राशन संस्कार कराया।

वहीं जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी की मौजूदगी में 11 कन्याओं का कन्या जन्मोत्सव मनाया गया।इस दौरान विधायक अदिति सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास तथा पोषण संबंधी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने नवचयनित कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र मिलने पर बधाई देते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी अल्का सक्सेना, शिव शरण, मुख्य सेविका संध्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts