मंझार में विशाल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

खापुरवा की टीम ने 5100 रुपये और ट्रॉफी जीतकर हासिल किया प्रथम स्थान, उपविजेता को मिले 2100 रुपये व ट्रॉफी

रिपोर्ट सुधीर शर्मा बाराबंकी/लखनऊ यूपी

धारा लक्ष्य समाचार

त्रिवेदीगंज, बाराबंकी। विकासखंड त्रिवेदीगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत मंझार में ग्राम प्रधान सतीश यादव के संरक्षण एवं सौजन्य से आज दिन मंगलवार को एक दिवसीय विशाल कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आई कई टीमों ने प्रतिभाग कर अपने खेल कौशल और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता में देवा, भिटौली, छंदरौली, मंझार, मौलाबाद, जौरास सहित विभिन्न स्थानों की टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद खापुरवा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को 5100 रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता टीम को 2100 रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अलावा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली इन्दई का पुरवा की टीम को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान सतीश यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और आपसी भाईचारे एवं खेल भावना को भी बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से धारा लक्ष्य समाचार पत्र के सम्पादक सुधीर शर्मा, रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष राम सजीवन यादव, पत्रकार अंकित मिश्रा, पत्रकार अंकित यादव, बैजनाथ जायसवाल, रोजगार सेवक एवं समाजसेवी सरोज यादव, भीमसेन वर्मा मौलाबाद सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर उपस्थित लोगों ने ग्राम प्रधान सतीश यादव एवं आयोजन समिति की सराहना करते हुए इस सराहनीय पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Related posts