फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट में पूर्व विधायक अशोक सिंह को किया टैग, एसपी से की शिकायत

साइबर सेल से फेसबुक अकाउंट संचालक की पहचान कराने और निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए नाम और पहचान का कथित रूप से दुरुपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। सरेनी विधानसभा क्षेत्र-182 के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने फेसबुक पर विकास सिंह नाम से संचालित एक अकाउंट के खिलाफ पुलिस अधीक्षक रायबरेली को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र में पूर्व विधायक ने आरोप लगाया है कि 11 नवंबर 2026 से फेसबुक पर विकास सिंह नाम से प्रदर्शित एक अकाउंट के माध्यम से बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय पोस्ट प्रकाशित की गई है। आरोप है कि उक्त पोस्ट में उनका नाम और पहचान जोड़कर उन्हें टैग किया गया, जबकि इस तरह की टिप्पणी से उनका कोई संबंध नहीं है और न ही वह इसका समर्थन करते हैं।

पूर्व विधायक का कहना है कि महिलाओं के प्रति अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी सामाजिक मर्यादाओं और नारी सम्मान के विरुद्ध है। पोस्ट में उनका नाम जोड़े जाने से आमजन के बीच गलत संदेश जा रहा है। साथ ही पोस्ट के स्क्रीनशॉट लगातार सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से उन्हें अनावश्यक सवालों और टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है।

इससे उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिष्ठा प्रभावित होने की आशंका है।अशोक कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि साइबर सेल के माध्यम से संबंधित फेसबुक अकाउंट की वास्तविकता और उसके संचालक की पहचान कराई जाए।

साथ ही संबंधित पोस्ट, टैगिंग और अकाउंट की गतिविधियों की तकनीकी जांच कर डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि बिना उनकी अनुमति के उन्हें आपत्तिजनक पोस्ट में टैग करने के पीछे के उद्देश्य की जांच की जाए।

उन्होंने शिकायती पत्र में कहा है कि यदि जांच में फर्जीवाड़ा, प्रतिरूपण, मानहानि अथवा कोई अन्य संज्ञेय अपराध सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान करना नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी की प्रतिष्ठा को अनुचित रूप से प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कानूनी रोक लगवाना है।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की अपील की है।

Related posts