छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने सई नदी के घाटों का किया निरीक्षण।

डीएम ने साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश, एसपी बोले- सभी पूजा स्थलों पर तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के राजघाट स्थित सई नदी और शहीद स्मारक के पास बने सई नदी घाटों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधितअधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि जनपद के सभी छठ पूजा स्थलों पर संबंधित पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। इसके साथ ही घाटों पर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला कांस्टेबलों की भी तैनाती की जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

Related posts