यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा को झटका, बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और पूर्व CBI अफसर अनिल यादव बीजेपी में शामिल
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा को बड़ा झटका देते हुए बस्ती के पूर्व बसपा सांसद अरविंद कुमार चौधरी और बांदा के पूर्व सीबीआई अधिकारी व सपा नेता अनिल यादव ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली. लखनऊ मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया. सपा सांसद राम प्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद चौधरी के जरिए भाजपा पूर्वांचल के कुर्मी वोट बैंक को साधने की रणनीति बना रही है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नेताओं के दल बदलने का सिलसिला तेज हो गया है. इसी क्रम में बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) को पूर्वांचल और बुंदेलखंड में बड़ा झटका लगा. बस्ती से बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी और बांदा के रहने वाले पूर्व सीबीआई अधिकारी व सपा नेता अनिल यादव समेत कई नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली.
लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई. इस मौके पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, धर्मपाल सिंह (लोधी) और दयाशंकर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
काफिले के साथ लखनऊ पहुंचे अरविंद चौधरी
बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी बुधवार सुबह अपने समर्थकों के एक बड़े काफिले के साथ बस्ती से लखनऊ पहुंचे थे. राजनीतिक गलियारों में इस ज्वाइनिंग को समाजवादी पार्टी के लिए एक बड़ी सेंधमारी के तौर पर देखा जा रहा है. अरविंद चौधरी बस्ती से मौजूदा सपा सांसद और दिग्गज कुर्मी नेता राम प्रसाद चौधरी के
भतीजे है।
सादर साभार न्यूज 18
