36 वर्षों के राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण का मिला सम्मान, मोहनलालगंज में कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी——-
संवाददाता धारा लक्ष्य समाचार
मोहनलालगंज / लखनऊ भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की अवध क्षेत्र कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही संगठन में नई जिम्मेदारियों का वितरण कर दिया गया है। प्रदेश नेतृत्व की अनुमति और वरिष्ठ पदाधिकारियों की संस्तुति के बाद 52 सदस्यीय क्षेत्रीय कार्यसमिति के पदाधिकारियों के नामों की सूची जारी की गई है। इसमें मोहनलालगंज के प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश शुक्ला (विन्धेश्वरी) को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं अरुण सिंह गप्पू को क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति तथा प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा देवेन्द्र सिंह चौधरी और क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी की संस्तुति के उपरांत की गई इस घोषणा से मोहनलालगंज सहित अवध क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
ओम प्रकाश शुक्ला के मनोनयन की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर प्रसन्नता व्यक्त की। वर्ष 1990 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने के बाद से ही उन्होंने पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया।
वे भाजपा लखनऊ के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष और भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ लखनऊ के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत संपर्क के चलते उन्हें समय-समय पर पार्टी के महत्वपूर्ण अभियानों और सांगठनिक गतिविधियों में जिम्मेदारी दी जाती रही है।
वर्ष 2011 से 2015 के बीच उन्होंने जिला पंचायत सदस्य के रूप में पुराने वार्ड संख्या-20 का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने 12,200 मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक लोकप्रियता का परिचय दिया। इसके बाद वर्ष 2021 से वे निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने जाते रहे हैं।
वर्तमान में वे विकास खंड मोहनलालगंज के ब्लॉक प्रमुख के रूप में क्षेत्र की जनता की सेवा कर रहे हैं।ओम प्रकाश शुक्ला को संगठन में अपने लंबे अनुभव के दौरान वीरेन्द्र प्रताप सिंह, राम निवास यादव, श्रीकृष्ण लोधी, विनय प्रताप सिंह और विजय मौर्या जैसे जिला अध्यक्षों के साथ जिला उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2014-15 में भाजपा के विशेष सदस्यता अभियान के दौरान उन्होंने जिला सह-सदस्यता प्रमुख की जिम्मेदारी निभाई और पार्टी के सदस्यता विस्तार तथा संगठनात्मक मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर आम लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने तथा उनके निस्तारण के लिए वे लगातार प्रयासरत रहते हैं।
केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का व लोगो को जागरूप किया, ब्लॉक प्रमुख के रूप में विकास खंड मोहनलालगंज की 78 ग्राम पंचायतों में सड़क निर्माण, आरसीसी रोड, इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण, खड़ंजा और वाटर कूलर सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि ओम प्रकाश शुक्ला को किसान मोर्चा अवध क्षेत्र का उपाध्यक्ष बनाए जाने से संगठन को उनका लंबा राजनीतिक अनुभव और जमीनी कार्यशैली प्राप्त होगी। किसानों, ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनके संपर्क को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि वे किसान मोर्चा की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नई जिम्मेदारी मिलने से मोहनलालगंज क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में भी उत्साह बढ़ा है।ओम प्रकाश शुक्ला के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व और अनुभव से किसान मोर्चा अवध क्षेत्र में और अधिक सक्रिय तथा मजबूत होगा l
