संवाददाता धारा लक्ष्य समाचार
मोहनलालगंज / लखनऊ मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के बक्खाखेड़ा गांव में मिले एक मासूम को पुलिस ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसके परिजनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सोशल मीडिया पर मासूम की पहचान और परिजनों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा की गई अपील वायरल होने के बाद परिजन मोहनलालगंज चौकी पहुंचे और मासूम को अपने साथ ले गए।
जानकारी के मुताबिक, अविश श्रीवास्तव पुत्र अनुज श्रीवास्तव, मूल निवासी लाला का पुरवा, थाना बिसवां, जनपद सीतापुर, वर्तमान निवासी मऊ, थाना मोहनलालगंज, जनपद लखनऊ, दोपहर करीब दो बजे घर से खेलने के लिए निकला था।
बताया गया कि रक्षाबंधन के अवसर पर उसकी मां रितिका श्रीवास्तव अपने मायके आई हुई थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे वह उतरेठिया में अपनी चाची के घर गई थीं। इसी दौरान मासूम घर से निकल गया और बक्खाखेड़ा गांव में मिला।मासूम अपनी पहचान और पिता का नाम नहीं बता पा रहा था।
इसके बाद मोहनलालगंज पुलिस ने परिजनों की तलाश के लिए सोशल मीडिया पर सूचना प्रसारित की। पुलिस की इस अपील में लोगों से सूचना अधिक से अधिक साझा करने की अपील की गई, ताकि मासूम को जल्द से जल्द उसके परिवार से मिलाया जा सके।सोशल मीडिया पर सूचना वायरल होने के बाद मासूम के परिजनों को इसकी जानकारी मिली और वे उसे लेने मोहनलालगंज चौकी पहुंच गए।
इस प्रकार पुलिस की तत्परता और सोशल मीडिया पर आम लोगों के सहयोग से मासूम अपने परिजनों तक पहुंच सका।इस सराहनीय कार्य में एसआई संजय सिंह, पुलिस उपनिरीक्षक परवेज तथा पुलिसकर्मी विकास जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिसकर्मियों की सूझबूझ, सक्रियता और मानवीय संवेदनशीलता से एक परिवार को उसका मासूम वापस मिल सका। पुलिस की इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।
