भोलापुर गंगा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे आसपास के सैकड़ों गांवों के लोग, शिव मंदिर के पास लगा विशाल मेला।

धारा लक्ष्य समाचार बरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

फतेहगंज पश्चिमी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को थाना क्षेत्र के भोलापुर-शंखापुर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक जारी रहा। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सीओ हाईवे देवेश सिंह,थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मी लगातार घाट और मेले में गश्त करते रहे। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए नाव पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

पुलिस की ओर से मेले में लगातार लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क किया जाता रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। भोलापुर गांव के पास स्थित शिव मंदिर के निकट विशाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में चाट, गोलगप्पे, पकौड़ी, जलेबी, मिठाई और खिलौनों सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी थीं।

महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की और मेले का आनंद लिया। मेले में दिनभर लोगों की आवाजाही से रौनक बनी रही।मेले के दौरान कोलिया गांव निवासी वीरेंद्र की आठ वर्षीय पुत्री काव्या अपने परिजनों से बिछड़ गई। बच्ची के लापता होने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की।

काफी प्रयास के बाद बच्ची को सकुशल खोजकर उसकी मां उमा देवी के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। गंगा स्नान के लिए अगरास, सोरहा, पंथरा, पंथरिया, खिरका, जगतपुर, ठिरिया खेतल, मनकरी, उनासी, चिटौली, रहपुरा जागीर, टीहर खेड़ा और पंवड़िया सहित आसपास के सैकड़ों गांवों से श्रद्धालु पहुंचे। लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली, टुकटुक, मोटरसाइकिल, ऑटो और अन्य निजी वाहनों से गंगा घाट पहुंचे।

सुबह से लेकर देर तक घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इस मौके पर सीओ हाईवे देवेश सिंह, थाना प्रभारी प्रवीन कुमार, चौकी प्रभारी आदेश कुमार, कानूनगो बृजकिशोर, लेखपाल सुधा शर्मा, नवरत्न कुमार, प्रशासक पति महावीर दिवाकर और कपिल गंगवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पूरे दिन भोलापुर गंगा घाट पर आस्था, भक्ति और मेले की रौनक देखने को मिली।

Related posts